☰
Bihar

नीरज कुमार के आवास पहुंचे नीतीश कुमार, कहा- टेंशन मत लीजिए, आराम कीजिए

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पटना(PATNA): बिहार की राजनीति में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच चल रहे विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अचानक नीरज कुमार के आवास पहुंच गए. चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुई इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. इस दौरान नीतीश कुमार ने नीरज कुमार से मुलाकात की और उन्हें तनाव नहीं लेने की सलाह दी.

सो रहे थे नीरज कुमार, तभी पहुंचे नीतीश कुमार

नीरज कुमार के आवास से सामने आए वीडियो में मुलाकात का एक दिलचस्प पल देखने को मिल रहा है. बताया जा रहा है कि जब नीतीश कुमार उनके आवास पहुंचे, उस समय नीरज कुमार आराम कर रहे थे. नीतीश कुमार के आने की जानकारी मिलते ही वह उठे और उनका अभिवादन किया.

इसके बाद नीतीश कुमार ने उनसे कहा, “टेंशन मत लीजिए, आराम कीजिए.” नीतीश कुमार के इस अंदाज ने मुलाकात को खास बना दिया. चुनाव से ठीक पहले अपने नेता को इस तरह अपने आवास पर पहुंचते देखना नीरज कुमार के लिए भी अहम रहा.

चुनाव से एक दिन पहले मिला नीतीश कुमार का साथ

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार नीरज कुमार से नीतीश कुमार की इस मुलाकात को चुनाव से पहले उनके समर्थन और भरोसे के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. नीतीश कुमार ने उन्हें आराम करने की सलाह देते हुए चुनाव के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया.

नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद की चर्चा के बीच हुई इस मुलाकात ने बिहार के सियासी माहौल में नई दिलचस्पी पैदा कर दी है. फिलहाल, चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार का नीरज कुमार के आवास पहुंचना चर्चा का विषय बना हुआ है.

TagsBihar