☰
Bihar

बिहार में बाढ़ का खतरा: अगले 48 घंटे बेहद अहम, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताई चिंता

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA):बिहार में गंगा, गंडक और सोन समेत कई नदियों के बढ़ते जलस्तर ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के मरीन ड्राइव पहुंचकर गंगा नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि बिहार में मौजूदा स्थिति चिंताजनक है और अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है और नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि गंगा और गंडक नदी ने पुराने HFL (Highest Flood Level) के रिकॉर्ड को पार कर लिया है. सोन नदी में भी पानी का स्तर लगातार चिंता का विषय बना हुआ है. सम्राट चौधरी ने कहा कि आने वाले 48 घंटों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका है, इसलिए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहना होगा. उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर राहत और बचाव की सुविधा पहुंचाई जा सके.

मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए एयरफोर्स से भी आग्रह किया गया है. उन्होंने कहा कि कई इलाकों में कटाव की स्थिति भी बनी हुई है, जिस पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है. सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा और गंडक में अभी तक का काफी अधिक जलस्तर दर्ज किया गया है. सरकार और प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं. उन्होंने अधिकारियों को राहत, बचाव और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 48 घंटे तक स्थिति पर फुल वॉच रखनी होगी. सरकार की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना और जरूरत के मुताबिक तत्काल राहत उपलब्ध कराना है.

 

TagsBihar