Bihar

पटना से पूर्णिया के लिए नई स्पेशल ट्रेन का ऐलान, सहरसा समेत कोसी-सीमांचल के यात्रियों को बड़ी राहत

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है. पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से सहरसा होते हुए पूर्णिया कोर्ट के लिए नई रात्रिकालीन स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है. रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन सीमित अवधि के लिए चलेगी और दोनों दिशाओं में सप्ताह के पांच दिन परिचालित होगी. इससे पटना और कोसी-सीमांचल के बीच रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

रेलवे की अधिसूचना के मुताबिक, पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट के लिए स्पेशल ट्रेन संख्या 03216 का परिचालन 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. बुधवार और शनिवार को छोड़कर यह ट्रेन अन्य दिनों में रात 11 बजे पाटलिपुत्र से रवाना होगी. ट्रेन सुबह 5:55 बजे सहरसा पहुंचेगी और करीब 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंच जाएगी.

वहीं, पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र के लिए ट्रेन संख्या 03215 की सेवा 18 अगस्त से 17 सितंबर तक चलेगी. यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को छोड़कर बाकी दिनों में सुबह 9:10 बजे पूर्णिया कोर्ट से रवाना होगी. करीब 11 बजे सहरसा पहुंचने के बाद यह ट्रेन शाम 5:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंच जाएगी.

पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा, हसनपुर, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा, मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमनखी के रास्ते पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.

पाटलिपुत्र से चलने के बाद ट्रेन रात 11:30 बजे सोनपुर, 11:42 बजे हाजीपुर, 12:55 बजे मुजफ्फरपुर और रात 2 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी. इसके बाद हसनपुर, खगड़िया, मानसी और सिमरी बख्तियारपुर होते हुए सुबह 5:55 बजे सहरसा पहुंचेगी. आगे मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमनखी के रास्ते करीब 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.

वापसी में ट्रेन सुबह 9:10 बजे पूर्णिया कोर्ट से चलेगी. यह बनमनखी, मुरलीगंज, मधेपुरा होते हुए 11 बजे सहरसा पहुंचेगी. इसके बाद सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, हसनपुर, रोसड़ा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और सोनपुर होते हुए शाम करीब 5:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे. इनमें चार अनारक्षित, 10 स्लीपर, तीन थर्ड एसी, एक सेकेंड एसी और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं. ट्रेन आईसीएफ कोच से संचालित होगी और इसका रखरखाव दानापुर कोचिंग डिपो में किया जाएगा.

रेलवे के मुताबिक, पाटलिपुत्र से सहरसा पहुंचने में करीब 6 घंटे 55 मिनट और पूर्णिया कोर्ट तक पहुंचने में लगभग 9 घंटे 30 मिनट लगेंगे. इस सेवा के शुरू होने से पटना से कोसी और सीमांचल जाने वाले यात्रियों को रात में सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. लंबे समय से इस रूट पर रात्रिकालीन ट्रेन की मांग की जा रही थी.

 

TagsBihar