Bihar

बिहार में सहकारिता को नई ताकत, सकरी में चीनी मिल और रैयाम में बनेगा शुगर कॉम्प्लेक्स,पढ़ें पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों के लिए रोजगार व आय के नए अवसर पैदा करने की दिशा में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की घोषणा की है. सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि मधुबनी जिले के सकरी में नई सहकारी चीनी मिल स्थापित की जाएगी. इसके साथ ही दरभंगा के रैयाम में आदर्श शुगर कॉम्प्लेक्स की स्थापना की जाएगी. सरकार का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है.

स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद

सहकारिता मंत्री के अनुसार, राज्य में बिहार राज्य सहकारिता नीति 2026 लागू की जा रही है. इसके तहत सहकारी समितियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है.सहकारी संस्थाओं के कामकाज को अधिक प्रभावी और किसानों के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं. किसानों की सुविधा के लिए धान अधिप्राप्ति को बेहतर बनाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ पहुंचाने और सब्जी प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर काम किया जा रहा है. इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.

कई जरूरी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी

सरकार पैक्सों की भूमिका का भी विस्तार कर रही है. पैक्सों को अब केवल कृषि और सहकारिता से जुड़ी पारंपरिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर CSC, जन औषधि केंद्र और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कई जरूरी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी. सहकारिता विभाग के मुताबिक, राज्य के 481 प्रखंडों में बकरी पालक सहकारी समितियों का गठन हो चुका है. इसके अलावा 67 मखाना सहकारी समितियां भी पंजीकृत की जा चुकी हैं. इन प्रयासों के जरिए बकरी पालन और मखाना उत्पादन से जुड़े किसानों को संगठित कर बाजार और रोजगार से जोड़ने की योजना है.

 

TagsBihar