टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कहा जाता है कि प्यार अंधा होता है. जब किसी के प्यार का नशा सवार होता है, तो फिर लोगों को दुनिया में कुछ भी दिखाई नहीं देता. अब तक आप लोगों ने लड़के-लड़की को एक-दूसरे के प्यार में पागल होते देखा होगा, लेकिन आज हम एक ऐसी अनोखी प्रेम कहानी के बारे में बात करने वाले हैं, जहां स्कूल में पढ़ने वाली दो लड़कियों को एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार हो गया. जब घरवालों और समाज का दबाव बना, तो दोनों घर से भाग गईं और जाकर मंदिर में शादी कर ली. वहीं अब कोर्ट की ओर से चौंकाने वाला फैसला आया है. यह पूरा मामला कहां का है और क्या है, चलिए आपको विस्तार से बताते हैं.
पढ़ें पूरा मामला क्या है
आपको बता दें कि यह पूरा मामला बिहार की राजधानी पटना का है, जहां सामाजिक मान्यताओं और पारिवारिक दबाव के बीच दो स्कूल छात्राओं ने आपस में शादी कर ली. बताया जा रहा है कि दोनों पिछले 3 साल से एक-दूसरे से प्यार करती हैं और 7 अगस्त को घर से भागकर खगड़िया पहुंचीं, जहां एक स्थानीय मंदिर में जाकर शादी रचा ली. जब घरवालों को इसकी जानकारी मिली, तो वे थाने पहुंचे. थाने में भी दोनों लड़कियां एक-दूसरे के साथ रहने के लिए अड़ गईं और एक-दूसरे को किसी भी हालत में छोड़ना नहीं चाहती थीं. जांच में सामने आया है कि दोनों लड़कियां पड़ोसी हैं और काफी अच्छी सहेली थीं. एक लड़की दसवीं की छात्रा है, तो वहीं दूसरी बारहवीं की छात्रा है. दोनों में काफी गहरा प्रेम था, जिसको उन्होंने शादी के बंधन में बांध लिया और बिना किसी को बताए घर से निकल गईं.
पटना से निकल कर सीधे खगड़िया पहुंची दो सहेलियां
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्राओं के पास केवल 3,500 थे, जिससे वे पटना से निकलकर सीधे खगड़िया पहुंच गईं. वहां एक होटल में ठहरीं और मंदिर में जाकर शादी कर ली. वहीं जब लड़कियों के गायब होने की खबर से परिवार वालों में हड़कंप मच गया, तो दोनों के परिजनों ने पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. वहीं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिस पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दोनों को खगड़िया स्टेशन से सकुशल बरामद करके पटना लाया. उन्हें पटना के कोतवाली थाने लाने के बाद भी दोनों लड़कियां एक-दूसरे को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थीं. दोनों ने पुलिस और परिजनों के सामने साफ तौर पर कहा कि वे एक-दूसरे से बेहद प्यार करती हैं और कभी भी अलग नहीं होंगी. दोनों अपने परिजनों के साथ जाने के लिए तैयार नहीं हुईं.
दोनों में से एक नाबालिक है लड़की
इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया है कि एक लड़की नाबालिग है, जिसकी उम्र 18 साल से कम है, वहीं एक लड़की बालिग बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां अदालत के आदेश पर नाबालिग लड़की को सुरक्षा और देखरेख के लिए रिमांड होम भेजा गया, वहीं कोर्ट ने बालिग लड़की को अपनी मर्जी और आजादी से कहीं भी रहने को कहा है. वहीं मामले के सामने आने के बाद अब यह लव स्टोरी चर्चा का विषय बनी हुई है और हर तरफ लोग इसको लेकर बातें कर रहे हैं.
