पटना (PATNA): बिहार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने अपराधियों को लेकर कड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. नीरज बबलू ने कहा, "जो अपराध करेंगे, आप सीधे ऊपर जाएंगे. कोई बचाने वाला नहीं है."
नीरज बबलू ने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार की नीति अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की है. उनका कहना है कि अपराध करने के बाद किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा.
पुराने दौर का जिक्र कर साधा निशाना
नीरज बबलू ने अपने बयान में लालू-राबड़ी सरकार के दौर का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था और अपराधी मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच रखते थे. वहीं, मौजूदा सरकार में ऐसा नहीं होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों को बचाने वाला कोई नहीं है.
विधान परिषद चुनाव पर भी बोले
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर भी नीरज बबलू ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि बीजेपी और उसके सहयोगी दलों की ओर से उम्मीदवार मैदान में है. उन्होंने एनडीए की जीत का दावा किया और कहा कि विपक्ष को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा.
बिहार की पटना स्नातक सीट समेत विधान परिषद चुनाव को लेकर इस समय राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक बिहार में आठ सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.
आतंकवाद पर भी दिया बयान
बीजेपी कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनने के बाद नीरज बबलू ने आतंकवाद के मुद्दे पर भी बात की. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और केंद्र सरकार की नीति इस मामले में जीरो टॉलरेंस की है.
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' के जरिए प्रधानमंत्री देश और समाज से जुड़े कई मुद्दों पर लोगों से बात करते हैं. नीरज बबलू ने आने वाले त्योहारों को लेकर प्रधानमंत्री की ओर से दी गई शुभकामनाओं का भी जिक्र किया.