पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर हलचल लगातार बढ़ती जा रही है. इसी बीच एनडीए की सांसद शांभवी चौधरी ने बांकीपुर सीट और स्वर्गीय रामविलास पासवान को भारत रत्न दिए जाने की मांग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को कहीं से भी चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन बांकीपुर सीट पर जीत सिर्फ एनडीए की होगी.
जीत एनडीए की ही होगी
प्रशांत किशोर के बांकीपुर से चुनाव लड़ने के ऐलान पर शांभवी चौधरी ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि कोई भी व्यक्ति अपनी पसंद की सीट से चुनाव लड़ सकता है. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है, लेकिन जीत एनडीए की ही होगी. उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और बांकीपुर सीट पर पार्टी का परचम लहराएंगे.
भारत रत्न देने की मांग का भी समर्थन
शांभवी चौधरी ने स्वर्गीय रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान उनकी पार्टी के संस्थापक थे और उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में दलित, शोषित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही उन्हें पद्मभूषण से सम्मानित कर चुकी है, लेकिन उनके योगदान को देखते हुए अब उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया जाना चाहिए.
मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना
बांकीपुर विधानसभा सीट बिहार की सबसे चर्चित और हाई प्रोफाइल सीटों में गिनी जाती है. पहले इस सीट से नितिन नवीन विधायक रहे हैं. अब यदि प्रशांत किशोर यहां से चुनाव मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है. ऐसे में शांभवी चौधरी का यह बयान राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एक ओर एनडीए बांकीपुर सीट पर अपनी मजबूती दिखाने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग के जरिए एलजेपी (रामविलास) अपने पारंपरिक समर्थक वर्ग को भी संदेश देने का प्रयास कर रही है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बिहार की राजनीति और गर्म होने के संकेत हैं.
