पटना: वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्याकांड मामले में बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई सुप्रीम कोर्ट के द्वारा रद्द किए जाने के बाद बिहार में अब राजनीति शुरू हो गई है. इस मामले में मीडिया से बात करते हुए गुरुवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि यह नीतीश कुमार और जदयू - भाजपा की राजनीति का परिणाम है कि षड्यंत्र के तहत आनंद मोहन को पहले जेल से बाहर निकल गया और अब जब उनकी जरूरत पूरी हो गई है तो जेल भेजा जा रहा है.
तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह के मामले में भी यही बातें कही और कहा कि पहले बिहार की पुलिस ने कहा था कि एके-47 मिला और बाद में कहा कि नहीं मिला. हालांकि इस मामले में एनडीए कानूनी और कोर्ट की प्रक्रिया की बात कह कर अपना पल्ला झाड़ते हुए देख रहा है. वहीं अब तेजस्वी के बयान पर भी राजनीति शुरू हो गई है. इस मामले में मीडिया से बात करते हुए बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अब ऐसा लगने लगा है कि तेजस्वी यादव की बुद्धि में विस्तार हुआ है.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि तेजस्वी यादव को हर बात में सिर्फ राजनीति दिखती है. यह कोर्ट का फैसला है और इस पर हम लोग कुछ नहीं कह सकते हैं. कोर्ट और कानून अपना काम कर रहा है. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जब कानून अपना काम करती है तेजस्वी को उस वक्त भी राजनीति नजर आती है. उनके पिताजी जेल जाएं, सीबीआई कार्रवाई करे तब भी तेजस्वी को राजनीति याद आ जाती है लेकिन उन्होंने नौकरी के बदले जो जमीन ली उसमें उन्हें ना तो राजनीतिक नजर आती है और ना ही इस मामले में वह कुछ बोलते हैं. वह नेता प्रतिपक्ष हैं, कोई बयान देने से पहले सोचें समझें.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जेल मैनुअल में बदलाव को असंवैधानिक बताने के कोर्ट की टिप्पणी पर कहा कि सरकार कोई भी निर्णय जब लेती है तो काफी गंभीरता से लेती है लेकिन कोर्ट और कानून एक स्वतंत्र संस्था है और वह सर्वोच्च है. उसे अधिकार है कि वह सरकार के फैसलों पर भी टिप्पणी कर सके और अपने मतों से उसे सही कर सके. सुप्रीम कोर्ट सर्वोच्च है और उस पर हमलोग टिप्पणी नहीं कर सकते. अगर तेजस्वी यादव वकालत किए होते तो आज कोर्ट में खड़ा होकर उनके पैरवी करते तो शायद मदद भी हो जाती लेकिन उन्होंने तो उन्होंने तो मैट्रिक भी पास नहीं की.