Bihar

मुजफ्फरपुर अग्निकांड:दिल्ली दौरा कैंसील कर अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री,घायलों से की मुलाकात 

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
मुजफ्फरपुर अग्निकांड:दिल्ली दौरा कैंसील कर अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री,घायलों से की मुलाकात 

पटना(PATNA):मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुई अग्निकांड की घटना में घायल मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री  निशांत कुमार अपनी दिल्ली यात्रा को बीच में ही छोड़कर पटना लौटे.पटना पहुंचते ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि के साथ जयप्रभा मेदांता अस्पताल पहुंचकर भर्ती 3 घायलों का हाल-चाल जाना और उनके उपचार की व्यवस्था की समीक्षा की.

स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.उन्होंने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए.

निशांत कुमार ने कहा कि राज्य सरकार इस घटना में घायल सभी मरीजों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है.घायलों के इलाज पर होने वाला संपूर्ण खर्च बिहार सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े.

उन्होंने कहा कि मरीजों के बेहतर उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है. राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक प्रभावित मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो.

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में चिकित्सकों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्परता के साथ सुनिश्चित की जाएं.