पटना (PATNA): बैंक में पैसा रखना कितना सुरक्षित है. जब मोबाइल गुम होने के बाद सिम कार्ड बंद करा दिया जाए, न एटीएम कार्ड हो और न ही मोबाइल में यूपीआई ऐप, फिर भी बैंक खाते से लाखों रुपये निकल जाएं, तो सवाल उठना लाजिमी है. साइबर अपराधियों ने अब सुरक्षा के इन तमाम इंतजामों को भी चुनौती दे दी है. दरअसल, ताजा मामला पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर का है जहां एलआईसी एजेंट सिद्धनाथ शर्मा साइबर ठगी के शिकार हो गए. उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था. एहतियात बरतते हुए उन्होंने तत्काल संबंधित सिम कार्ड भी बंद करवा दिया. लेकिन इसके बावजूद उनके बैंक खाते से 1 लाख 69 हजार 608 रुपये की निकासी कर ली गई.
कैसे हुआ ट्रांजैक्शन
बताया जा रहा है कि साइबर ठगों ने दर्जनों अलग-अलग बैंक खातों में यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर की. मोबाइल गुम होने के कुछ समय बाद ही सिद्धनाथ शर्मा के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे. लगातार ट्रांजैक्शन देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने आनन-फानन में ऑनलाइन माध्यम से अपना बैंक खाता फ्रीज करवाया, ताकि आगे की निकासी रोकी जा सके.
पीड़ित ने दर्ज की लिखित शिकायत
पीड़ित सिद्धनाथ शर्मा ने बिहटा थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच और साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित का कहना है कि उनके पास न तो एटीएम कार्ड है और न ही मोबाइल में किसी तरह का यूपीआई ऐप इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सिम बंद होने के बावजूद उनके बैंक खाते से यूपीआई ट्रांजैक्शन कैसे हो गया? इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा और साइबर अपराध पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जब एहतियात बरतने के बावजूद खाताधारक की जमा पूंजी सुरक्षित नहीं रह पा रही है, तो आम आदमी अपने पैसे की सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे? फिलहाल अब देखना होगा की इस मामले में पुलिस क्या कार्रवाई करती है.
