☰
Bihar

आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने को लेकर विधायक बेटे चेतन आनंद ने बुलाई बड़ी बैठक, कहा लीगल टीम से कर रहे विमर्श

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्या के आरोप में पूर्व सांसद आनंद मोहन की जेल से रिहाई सुप्रीम कोर्ट के द्वारा रद्द किए जाने का मामला सियासी मुद्दा बन चुका है. सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर एक तरफ एनडीए न्यायिक मामला बता कर पल्ला झाड़ रहा है तो दूसरी तरफ विपक्ष जदयू भाजपा पर जरूरत के अनुसार जेल से निकालने और जेल भेजने का आरोप लगा रहा है. शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे आनंद मोहन ने भी गहरी साजिश की बात कही तो शनिवार को उनके विधायक बेटे चेतन आनंद ने पटना में बड़ी बैठक बुलाई.

बैठक के बाद चेतन आनंद ने मीडिया से बात करते हुए बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि हम अपनी लीगल टीम से सलाह ले रहे हैं. यह ऐसी स्थिति है कि स्वाभाविक रूप से हमलोग भावुक हैं. हम हर प्रश्न का जवाब ढूंढ रहे हैं. आज हमने बहुत कम समय में बैठक बुलाई है, बहुत सारे लोग आए हैं. बैठक में हमलोग बैठ कर एकजुट होकर आगे की रणनीति और इस मुसीबत को झेलने को लेकर बातचीत करेंगे. चेतन आनंद ने कहा कि हमलोग लीगल टीम से हर मुद्दे पर विचार विमर्श कर रहे हैं. वहीं उन्होंने राजनीतिक साजिश को लेकर कहा कि अभी हम जब तक विचार विमर्श नहीं कर लेते हैं तब तक कुछ कह नहीं सकते.