पटना: मंगलवार को देश भर में गोवर्धन पूजा मनाई जा रही है. इस अवसर पर बिहार में भी लोग गौमाता की पूजा अर्चना कर सुख शांति की कामना कर रहे हैं. इसी कड़ी में बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने भी अपने आवास पर परिवार क साथ गोवर्धन पूजा की. इस अवसर पर उन्होंने गौ माता एवं पशुधन की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
गोवर्धन पूजा करने के बाद मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि गौ पालक परिवार में जन्म लेना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है. गाय और पशुधन हमारी भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन एवं कृषि अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग हैं, पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने राज्य के सभी किसानों से आग्रह किया कि वे कृषि के साथ-साथ गौ पालन एवं पशुपालन को भी अपनाएं. इससे किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी और ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे. उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दी.