Bihar

भरत भूषण के गांव पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, परिजनों को दिया न्याय का भरोसा

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना (PATNA):बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर को लेकर पूरे बिहार में बवाल मचा हुआ है.लोग इस एनकाउंटर को फर्जी बता रहे हैं, वहीं परिवार भी इंसाफ की मांग कर रहा है.इसी बीच बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने बिलौटी गांव पहुंचे.उन्होंने परिजनों का हालचाल जाना, उनकी बातें सुनीं और हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी को न्याय जरूर मिलेगा.

मंत्री जी ने भरत के माता-पिता का जाना हाल

आपको बता दें कि शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी रविवार को उनके माता-पिता से मिले.उन्होंने परिजनों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और हरसंभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया.मंत्री ने भरत भूषण तिवारी के बड़े और छोटे भाई से कहा कि वे कभी भी उनके कार्यालय आकर उनसे मिल सकते है.इस दौरान भरत की मां आशा देवी ने आरोप लगाया कि जगदीशपुर के एसडीएम संजीत कुमार की भूमिका इस एनकाउंटर में काफी संदिग्ध है.उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या की गई है और वह कोई अपराधी नहीं था.

परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा

परिजनों से मुलाकात के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने मीडिया से कहा कि भरत तिवारी की मां और पिता से उनकी बात हुई है. कई ऐसी बातें सामने आई हैं, जिनकी जानकारी उन्हें पहले नहीं थी और आज मिली है. उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को देंगे और मुख्यमंत्री जैसा निर्देश देंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, डीएसपी के प्रमोशन को लेकर उन्होंने कहा कि यह गलत बात और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है. डीएसपी का प्रमोशन नहीं हुआ है, बल्कि मामले की जांच प्रभावित न हो, इसलिए उनका तबादला दूसरी जगह किया गया है.

मंत्री जी ने कहा सारी बात से मुख्यमंत्री को अवगत करायेंगे 

मंत्री ने आगे कहा कि यहां आने के बाद उन्हें एसडीएम के बारे में भी कई जानकारियां मिली है.परिजनों के अनुसार, भरत भूषण तिवारी के पास कई महत्वपूर्ण जानकारियां थीं और वह यहां के हालात को लेकर लड़ाई लड़ रहे थे.इसी वजह से उनके एनकाउंटर की आशंका जताई जा रही है.एसडीएम की भूमिका को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए है.उन्होंने कहा कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाएगी. न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष से भी बात की जाएगी और मुख्यमंत्री के समक्ष सभी तथ्यों से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा.

क्या भरत भूषण तिवारी को न्याय नहीं मिलेगा

सम्राट चौधरी की सरकार में क्या भरत भूषण तिवारी को न्याय नहीं मिलेगा, इस सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि अगर न्याय देने की मंशा नहीं होती तो न्यायिक जांच क्यों कराई जाती. किसी आईजी से भी जांच कराई जा सकती थी, लेकिन न्यायिक जांच कराई गई है. उन्होंने कहा कि यह राजतंत्र नहीं है और न ही ईरान जैसा शासन है कि किसी का सिर कटे तो काटने वाले का हाथ काट दिया जाए. यहां न्यायिक व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि न्याय मिलने में थोड़ा समय जरूर लग सकता है, लेकिन न्याय जरूर मिलेगा.

TagsBihar