Bihar

स्वास्थ्य से समाज कल्याण तक बड़े पैमाने पर तबादले, 24 घंटे में ज्वाइन करने का आदेश, बिहार सरकार का बड़ा फैसला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. राज्य के विभिन्न विभागों में 1000 से अधिक अधिकारियों का तबादला किया गया है. स्वास्थ्य, उद्योग, वाणिज्य कर, पशुपालन और समाज कल्याण समेत कई विभागों के अधिकारी नई जगह भेजे गए हैं. सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

विभागीय कार्यों में तेजी लाना उद्देश्य

सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में डॉक्टरों का तबादला किया गया है. इसके अलावा उद्योग विभाग, वाणिज्य कर विभाग, पशुपालन (वेटरनरी) विभाग और समाज कल्याण विभाग के कई अधिकारियों के भी स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं. इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा विभागीय कार्यों में तेजी लाना बताया जा रहा है.

सरकारी नियमों के अनुसार बिहार में सामान्य तौर पर जून और दिसंबर महीने में विभागों को अपने स्तर पर अधिकारियों के तबादले का अधिकार होता है. इन दो महीनों के अलावा यदि किसी अधिकारी का तबादला करना हो तो संबंधित विभाग को मुख्यमंत्री की मंजूरी लेनी पड़ती है.

सरकार ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अगले 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें और इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें. समय पर योगदान नहीं देने की स्थिति में विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई भी की जा सकती है.

इस वर्ष का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

बिहार में एक साथ 1000 से अधिक अधिकारियों के तबादले को इस वर्ष का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इस बदलाव से विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी.

 

TagsBihar