Bihar

आरक्षण की मांग पर पटना में बवाल, जेपी गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में आरक्षण बचाओ संविधान बचाओ मोर्चा के बैनर तले बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे. प्रदर्शन के दौरान जेपी गोलंबर के पास स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ. इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.

गांधी मैदान से राजभवन की ओर बढ़ने की थी तैयारी

प्रदर्शनकारियों की योजना पटना के गांधी मैदान क्षेत्र से राजभवन की तरफ मार्च करने की थी. बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते नजर आए. हालांकि मार्च आगे बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जेपी गोलंबर के पास रोक दिया. पुलिस की ओर से आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारी आगे जाने की कोशिश करते रहे जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.

प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया

जेपी गोलंबर पर हालात तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कार्रवाई शुरू की. कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों में बैठाकर मौके से ले जाया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते रहे. पूरे घटनाक्रम के कारण जेपी गोलंबर और आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया.

आरक्षण बढ़ाने की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि आरक्षण का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए. उनकी प्रमुख मांगों में विभिन्न क्षेत्रों में आरक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाना शामिल है. प्रदर्शनकारी न्यायपालिका से लेकर अन्य संस्थानों तक आरक्षण लागू करने की मांग भी उठा रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वे आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज आगे भी उठाते रहेंगे. पटना में हुए इस प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जेपी गोलंबर पर हुए हंगामे, धक्का-मुक्की और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं.

TagsBihar