☰
Bihar

बिहार में अब हो रहे कई बड़े खेल आयोजन, सीएम 'सम्राट ने कहा जारी करें खेल कैलेंडर'

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की. इस दौरान दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक राज्य में प्रस्तावित विभिन्न खेल आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की गयी. मुख्यमंत्री ने बिहार में खेल कैलेंडर जारी करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी आयोजनों को सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. बैठक में बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह, मशाल टैलेंट आइडेंटिफिकेशन लॉन्च समारोह, राजगीर में विंटर कैंप, FIE कैडेट / जूनियर पुरुष फॉयल विश्व कप, बिहार रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप, FIH प्रो लीग, बिहार पुरुष कबड्डी लीग, राजगीर मैराथन 2027 सहित कई महत्वपूर्ण खेल आयोजनों पर चर्चा की गई.

मुख्यमंत्री ने बिहार में खेल परिसरों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन खेल परिसरों को संबंधित खेल संघों को जल्द से जल्द हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका प्रभावी उपयोग और उचित रखरखाव सुनिश्चित हो सके. उन्होंने खेल आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने राज्य में खेल उपकरण निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बिहार में खेल सामग्री के निर्माण की संभावनाओं को विकसित किया जाए. इससे खेल क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा राज्य की औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक महीने कम से कम एक खेल कार्यक्रम में संबंधित प्रभारी मंत्री की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोजनों को प्रोत्साहन मिले और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े. बैठक में बिहार के खेल इतिहास पर बिहार संग्रहालय में खेल प्रदर्शनी, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वॉकाथॉन, महिला योग सप्ताह, ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता, स्वदेशी एवं जनजातीय खेलों, गंगा तट पर बीच गेम्स कार्निवल तथा महिला कबड्डी लीग जैसे आयोजनों पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, स्वास्थ्य और बिहार की पहचान को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार है. राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.

बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.