Bihar

पटना के बख्तियारपुर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, 7 बच्चे डूबे, 4 लापता

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना(PATNA):पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जहां रानीसराय गंगा घाट पर नहाने गए सात बच्चे नदी में डूब गए. हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.स्थानीय लोगों की तत्परता से तीन बच्चों को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार बच्चे अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. लापता बच्चों में राधिका कुमारी, आरती कुमारी, नंदनी कुमारी और बबली कुमारी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल बच्चे आपस में भाई-बहन हैं और एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं.

 7 बच्चे डूबे, 4 लापता

जानकारी के मुताबिक, बच्चों के पिता के नाम कमलेश चंद्रवंशी, अवधेश चंद्रवंशी और मंटू चंद्रवंशी बताए गए हैं. घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई है.घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की निगरानी में राहत और बचाव अभियान शुरू कराया गया. स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया है, जो लापता बच्चों की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं.बताया जा रहा है कि SDRF की टीम का भी इंतजार किया जा रहा है. फिलहाल स्थानीय गोताखोर गंगा नदी में अलग-अलग स्थानों पर बच्चों की तलाश कर रहे हैं. प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

SDRF टीम के पहुंचने के बाद बचाव अभियान को और तेज

हादसे की खबर फैलते ही घाट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए. परिजनों की निगाहें नदी की ओर टिकी हुई हैं और सभी को लापता बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन लगातार जारी है. प्रशासन की ओर से SDRF टीम के पहुंचने के बाद बचाव अभियान को और तेज किए जाने की उम्मीद है.

TagsBihar