पटना (PATNA): राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर गंगा घाट पर रविवार को स्नान करने पहुंचे तीन दोस्त गंगा की तेज धारा में बहकर लापता हो गए. हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को जानकारी दी गई. इसके बाद SDRF के जवानों ने गंगा में उतरकर तीनों युवकों की तलाश शुरू कर दी.जानकारी के अनुसार, जगमाल बीघा गांव के रहने वाले तीन दोस्त रविवार को गंगा स्नान करने के लिए आदिलपुर घाट पहुंचे थे. स्नान के दौरान एक युवक अंकुश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में उसके दोनों दोस्त भी गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए. देखते ही देखते तीनों युवक पानी में लापता हो गए.
स्नान के दौरान तीन दोस्त डूबे
हादसे की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों ने पुलिस और युवकों के परिजनों को सूचना दी. कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए. तीनों के गंगा में लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद तत्काल SDRF को सूचना दी. SDRF की टीम ने मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में तलाशी अभियान शुरू किया.
सर्च ऑपरेशन जारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन दिनों गंगा का जलस्तर और बहाव तेज है, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.अब तक तीनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था. SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.
