Bihar

पटना से बांका तक SVU की बड़ी कार्रवाई, इंजीनियर हरेन्द्र कुमार के चार ठिकानों पर छापेमारी,पढ़ें पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना( PATNA) :  बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसवीयू ने कांड संख्या 23/2026 दर्ज करने के बाद पटना वैशाली और बांका में उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.

नकदी और आभूषण मिले

हरेन्द्र कुमार वर्तमान में लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं. उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने मामला दर्ज किया. इसके बाद न्यायालय से तलाशी वारंट लेकर एसवीयू की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी शुरू की. तलाशी के दौरान एसवीयू की टीम को नकदी और आभूषण मिले हैं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लाखों रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं. टीम संपत्ति, निवेश, बैंक खाते और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। इन दस्तावेजों के आधार पर हरेन्द्र कुमार की आय और संपत्ति का आकलन किया जाएगा.

चार ठिकानों पर कार्रवाई

एसवीयू की कार्रवाई चार ठिकानों पर की गई. इनमें पटना के पत्रकार नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 307, बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान, वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा गांव स्थित पैतृक आवास और बांका में लघु जल संसाधन विभाग का कार्यालय शामिल है. छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद बरामद नकदी, आभूषण और संपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है. जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सरकारी महकमे में बढ़ी हलचल

इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हलचल बढ़ गई है. एसवीयू की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि कार्यपालक अभियंता के पास मिली संपत्तियां उनकी ज्ञात आय के मुकाबले कितनी अधिक हैं.

 

TagsBihar