Bihar

पटना में STF की बड़ी कार्रवाई! टॉप-10 अपराधियों में शामिल सुदामा सिंह गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल सुदामा सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहटा के अमहरा स्थित लई चौक ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर उसे पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, सुदामा सिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. वह मूल रूप से सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धैनुकी गांव का रहने वाला है. बताया गया है कि पिछले कुछ समय से उसने पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी, रुकनपुर में अपना ठिकाना बना रखा था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे जुड़े आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है.

पुलिस जांच में सुदामा सिंह की कथित जमीन ठगी से जुड़ी गतिविधियां भी सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि उसने जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार के लिए 'कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम से एक रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी. आरोप है कि कंपनी के जरिए लोगों को जमीन दिलाने का भरोसा दिया जाता था और इसके बदले उनसे लाखों रुपये लिए गए. बाद में जमीन नहीं मिलने पर लोगों ने शिकायत की. पुलिस अब कंपनी की गतिविधियों, ग्राहकों से लिए गए पैसों और उससे जुड़े लेनदेन की जांच कर सकती है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान जमीन से जुड़े अन्य मामलों और उसके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है.

सुदामा सिंह के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में कांड संख्या 342/24 दर्ज है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी. इसके अलावा कोतवाली थाने में उसके खिलाफ एनआई एक्ट और धोखाधड़ी समेत कुल छह मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. पुलिस लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी. गुप्त सूचना मिलने के बाद STF और जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे दबोच लिया. अब पुलिस उसके पुराने मामलों, कथित जमीन ठगी और रियल एस्टेट कंपनी से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.