पटना (PATNA) : बिहार में सड़क विकास को नई गति देने के लिए बिहार सरकार और नाबार्ड के बीच 21 हजार करोड़ रुपये के बड़े समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इस समझौते का उद्देश्य राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाना और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है.
पथ निर्माण विभाग और नाबार्ड के बीच हुआ समझौता
यह समझौता बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग और नाबार्ड के बीच हुआ है. इसके तहत राज्य के विभिन्न हिस्सों में नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा. साथ ही कई पुराने और जर्जर मार्गों का भी पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा ताकि लोगों की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो सके.
बिहार के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
समझौता कार्यक्रम के दौरान नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इस अवसर पर बिहार सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी तथा विभाग के मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए. सभी ने इस परियोजना को बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.इस योजना के तहत राज्य के कई स्टेट हाईवे का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाया जाएगा ताकि गांवों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके. शहरी इलाकों में भी नई सड़कें बनाई जाएंगी और आवश्यक स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा.
आधुनिक एवं सुरक्षित सड़क सुविधाओं का मिलेगा लाभ
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से सड़क संपर्क बेहतर होगा, यात्रा का समय कम होगा और व्यापार, कृषि तथा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा. बेहतर सड़क नेटवर्क से निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है. बिहार सरकार का कहना है कि आने वाले समय में इस समझौते के तहत विभिन्न चरणों में सड़क निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे. इससे राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी और आम लोगों को आधुनिक एवं सुरक्षित सड़क सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
