Bihar

10 जुलाई को पटना में NDA की बड़ी बैठक, नीतीश कुमार भी होंगे शामिल : संजय झा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (BIHAR) : बिहार में एनडीए की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 10 जुलाई को पटना में एनडीए की बड़ी बैठक बुलाई है. इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के सभी प्रमुख नेता, मंत्री और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे. जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद  संजय झा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि बैठक में संगठन आपसी समन्वय और सरकार के कामकाज पर विस्तार से चर्चा होगी.

आगामी रणनीति पर भी विचार किया जाएगा

संजय झा ने कहा कि एनडीए में बेहतर समन्वय है, लेकिन समय-समय पर बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना जरूरी होता है. उन्होंने कहा कि इस बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और आगामी रणनीति पर भी विचार किया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  भी बैठक में मौजूद रहेंगे.

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए संजय झा ने कहा कि एनडीए एक मजबूत और अनुशासित गठबंधन है. उन्होंने कहा कि यह इंडिया गठबंधन की तरह नहीं है, जहां चुनाव साथ लड़ने के बाद एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी शुरू हो जाती है.

यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर World Health Organization द्वारा बिहार सरकार की सराहना किए जाने पर संजय झा ने कहा कि यह पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए स्वास्थ्य सुधारों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है. साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी इस अभियान को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं.

CAA को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमीत शाह के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में संजय झा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई विशेष जानकारी नहीं है.उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसी कोई समस्या नहीं है और यहां सब कुछ सामान्य है.

वहीं, प्रधानमंत्री द्वारा "एक देश, एक विधान" को लेकर दिए गए बयान पर संजय झा ने कहा कि उन्होंने अभी वह बयान नहीं देखा है, इसलिए उसके संदर्भ में कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि पहले पूरा बयान देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

 

TagsBihar