पटना (PATNA): राजधानी में मंगलवार की सुबह शहर के व्यस्त इलाके फ्रेजर रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग ग्रैंड प्लाजा स्थित संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स में लगी. घटना डाकबंगला चौराहे के पास की है. दुकान से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं. आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सामान मौजूद होने के कारण आग से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है. आग की लपटों के कारण आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया.
फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई है. इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा. राहत की बात यह है कि फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, आग लगने की वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई है. शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है. अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन होने के बाद ही घटना की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी.
