Bihar

BPSC TRE-4 पर बड़ा फैसला संभव: CM सम्राट चौधरी ने बुलाई शिक्षा विभाग की बैठक, छात्रों की मांगों पर होगी चर्चा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में BPSC TRE-4 शिक्षक बहाली को लेकर चल रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. बैठक दोपहर 1 बजे होने की बात सामने आई है. इसमें शिक्षा विभाग के कामकाज की समीक्षा के साथ TRE-4 शिक्षक भर्ती और अभ्यर्थियों की मांगों पर चर्चा होने की संभावना है. TRE-4 को लेकर बिहार में लंबे समय से शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच हलचल है. भर्ती प्रक्रिया और रिक्त पदों को लेकर अभ्यर्थी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं. हाल के महीनों में TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन भी देखने को मिला है.

सरकार TRE-4 की वैकेंसी और भर्ती प्रक्रिया को लेकर क्या निर्णय लेती है

इस बीच सरकार की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC के माध्यम से होने वाली TRE-4 शिक्षक भर्ती के लिए रिक्तियों और आगे की प्रक्रिया पर चर्चा हो सकती है. शिक्षा विभाग की ओर से TRE-4 के लिए रिक्त पदों की अधियाचना BPSC को भेजे जाने की प्रक्रिया पहले से चल रही है. हाल में छूटे हुए विषयों की रिक्तियों को जोड़कर संशोधित अधियाचना भेजे जाने की बात भी सामने आई है. इसके साथ ही आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगें भी बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दा रह सकती हैं. अभ्यर्थियों की नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार TRE-4 की वैकेंसी और भर्ती प्रक्रिया को लेकर क्या निर्णय लेती है.

सभी की निगाहें बैठक और इसके बाद सामने आने वाले फैसलों पर टिकी

बैठक के बाद अगर सरकार की तरफ से TRE-4 को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय या नई घोषणा सामने आती है तो हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों को भर्ती की आगे की तस्वीर साफ हो सकती है. फिलहाल सभी की निगाहें शिक्षा विभाग की इस अहम बैठक और इसके बाद सामने आने वाले फैसलों पर टिकी हैं.

 

TagsBihar