Bihar

बिहार पुलिस मुख्यालय का बड़ा फैसला! एक SDPO की दो जगह पोस्टिंग पर लगी रोक

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार पुलिस में SDPO स्तर के अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन को लेकर चल रहे असमंजस पर पुलिस मुख्यालय ने स्थिति साफ कर दी है. एक पुलिस अधिकारी को सहरसा और त्रिवेणीगंज, दोनों जगह SDPO बनाए जाने के बाद उठे सवालों के बीच मुख्यालय ने नया आदेश जारी किया है. फिलहाल सहरसा और त्रिवेणीगंज में पदस्थापित SDPO को छोड़कर बाकी सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से 29 अगस्त 2026 को जारी आदेश में SDPO स्तर के स्थानांतरण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. आदेश के मुताबिक, स्थानांतरित सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने नए कार्यस्थल पर अविलंब योगदान करना होगा और इसकी अनुपालन रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी. हालांकि, सहरसा और त्रिवेणीगंज के SDPO पदस्थापन को फिलहाल अलग रखा गया है. दरअसल, एक ही पुलिस अधिकारी की दोनों जगह SDPO के तौर पर पोस्टिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी. इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को लेकर नया आदेश जारी कर दिया.

क्रमांक 19 और 25 पर फिलहाल रोक
मुख्यालय के आदेश में स्थानांतरण सूची के क्रमांक 19 और 25 को फिलहाल योगदान से अलग रखा गया है. वहीं, सूची में शामिल बाकी सभी स्थानांतरित SDPO को बिना किसी देरी के नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार संभालने को कहा गया है. पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों से आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है. नए निर्देश के बाद SDPO स्तर के तबादलों को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रम की स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है. अब सहरसा और त्रिवेणीगंज में SDPO पदस्थापन को लेकर अगला आदेश क्या आता है, इस पर पुलिस महकमे की नजर बनी हुई है. फिलहाल बाकी स्थानांतरित अधिकारियों के लिए नए स्थान पर योगदान का रास्ता साफ कर दिया गया है.

TagsBihar