Bihar

बिहार में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन, फतुहा के कई प्रतिष्ठानों से पनीर और दूध जब्त

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पटना(PATNA): बिहार में खाने-पीने की चीजों में मिलावट और खराब सामान बेचने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर पटना, हाजीपुर और दरभंगा में खाद्य सुरक्षा टीम ने कई दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान कहीं पनीर में स्टार्च मिला, तो कहीं एक्सपायर्ड दूध और खराब पनीर रखा मिला. पटना के फतुहा में जांच के दौरान दूध में फॉर्मेलिन की मौजूदगी सामने आने के बाद करीब 126 लीटर दूध नष्ट कराया गया.

हाजीपुर में 72 किलो पनीर कराया गया नष्ट

हाजीपुर के स्टेशन रोड पर खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर बेचने वाली दुकानों की जांच की. सुधीर किराना दुकान में 14 किलो पनीर में स्टार्च की मिलावट मिलने पर उसे नष्ट कराया गया. वहीं श्री गणेश पनीर हाउस में 58 किलो पनीर में भी स्टार्च पाया गया. इसे भी मौके पर नष्ट करा दिया गया. पनीर के नमूने लैब जांच के लिए लिए गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दरभंगा में मिला एक्सपायर्ड दूध और खराब पनीर

दरभंगा के बेनीपुर स्थित आशापुर चौक के सुधा मिल्क पार्लर की जांच के दौरान टीम को 21 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 18 किलो खराब पनीर मिला. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों को मौके पर ही नष्ट करा दिया. यहां से भी नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

फतुहा में 126 लीटर दूध नष्ट

पटना के फतुहा स्थित सबलपुर इलाके में राजीव डेयरी की जांच के दौरान दूध के नमूने में फॉर्मेलिन की मौजूदगी पाई गई. इसके बाद टीम ने करीब 126 लीटर दूध नष्ट करा दिया. दूध और पनीर के जरूरी नमूने भी लिए गए हैं. जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

फूड सप्लीमेंट के ठिकाने पर भी छापेमारी

फतुहा के बाजितपुर स्थित Alexa Foods and Supplements में खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. यहां फूड सप्लीमेंट, कच्चा माल और इन्हें तैयार करने वाली मशीनें मिलीं. टीम ने जांच के लिए छह नमूने लिए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक मौके पर फूड सप्लीमेंट के अलावा कोई दूसरी दवा या संदिग्ध पदार्थ नहीं मिला. संस्थान के संचालक ने जरूरी लाइसेंस होने की जानकारी दी है. अब दस्तावेज और लैब रिपोर्ट की जांच के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा.

स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने कहा कि लोगों के खाने की गुणवत्ता और स्वास्थ्य से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. खराब, एक्सपायर्ड या मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

TagsBihar