Bihar

BPSC TRE-4 में बड़ा बदलाव: सिंगल एग्जाम पर सहमति, निगेटिव मार्किंग हटेगी, अब 33,385 पदों पर भर्ती

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए BPSC TRE-4 को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. अभ्यर्थियों के आंदोलन और सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी है. जानकारी के मुताबिक TRE-4 में अब एकल परीक्षा आयोजित करने और निगेटिव मार्किंग हटाने का फैसला लिया गया है. इसके साथ ही शिक्षक पदों की संख्या बढ़कर 33,385 हो गई है.

TRE-4 में एकल परीक्षा और निगेटिव मार्किंग पर फैसला

शिक्षक अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा पैटर्न, निगेटिव मार्किंग और सिलेबस समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर बदलाव की मांग कर रहे थे. अब सरकार ने एकल परीक्षा प्रणाली पर सहमति जताई है. साथ ही निगेटिव मार्किंग को हटाने का निर्णय भी लिया गया है. इन बदलावों को लागू करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से बिहार लोक सेवा आयोग को आवश्यक पत्र भेजे जाने की बात सामने आई है. इसके बाद आयोग संशोधित भर्ती विज्ञापन जारी कर सकता है.

शिक्षक भर्ती में अब कुल 33,385 पद 

TRE-4 में रिक्तियों की संख्या एक बार फिर बढ़ाई गई है. संगीत विषय के लिए 111 नए पद शामिल किए गए हैं, जो कक्षा 9वीं और 10वीं के शिक्षकों से संबंधित हैं. इसके बाद कुल पदों की संख्या 33,385 पहुंच गई है. शुरुआत में 18 अगस्त को 32,388 पद घोषित किए गए थे. इसके बाद 24 अगस्त को विभिन्न विषयों के 886 अतिरिक्त पद जोड़कर रिक्तियां 33,274 हो गई थीं. अब 111 संगीत शिक्षक पद जुड़ने से शुरुआती संख्या के मुकाबले कुल 997 पद बढ़ चुके हैं.

आवेदन की तारीख में भी हो सकता है बदलाव 

पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार TRE-4 के लिए आवेदन 1 सितंबर से शुरू होकर 29 सितंबर तक चलने थे. नए फैसलों के बाद आवेदन कार्यक्रम में संशोधन होने की संभावना है. अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख और परीक्षा संबंधी नियमों के लिए संशोधित आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा.

B.Ed 2024-26 अभ्यर्थियों ने भी रखी मांग 

B.Ed सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों ने भी TRE-4 में शामिल होने का अवसर देने की मांग की है. यदि सरकार उनकी मांग स्वीकार करती है तो आवेदन की अंतिम तारीख आगे बढ़ सकती है. इस संबंध में अंतिम स्थिति संशोधित अधिसूचना आने के बाद ही स्पष्ट होगी.

BSSC परीक्षा कैलेंडर पर भी नजर 

बिहार कर्मचारी चयन आयोग का परीक्षा कैलेंडर भी जल्द जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है. ऐसे में बिहार की विभिन्न सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की नजर अब BPSC TRE-4 के संशोधित विज्ञापन और BSSC के आगामी परीक्षा कार्यक्रम पर है.

TagsBihar