Bihar

लालू परिवार की सुरक्षा में बड़ा बदलाव, राबड़ी-लालू की Z+ सुरक्षा हटी, तेज प्रताप को मिलेगा सिर्फ एक गार्ड

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

PATNA: बिहार में लालू प्रसाद यादव के परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. राज्य के गृह विभाग की समीक्षा बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव को दी जा रही Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है. अब दोनों नेताओं को बिहार पुलिस की ओर से विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था में हुए बदलाव के तहत लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव की सुरक्षा भी घटा दी गई है. उन्हें पहले मिल रही Y श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर दी गई है और अब उनके साथ केवल एक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेगा. हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उन्हें पहले की तरह Y+ श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी. वहीं उनकी पत्नी राजश्री यादव और राज्यसभा सांसद मीसा भारती की सुरक्षा भी यथावत रखी गई है.

नई व्यवस्था के अनुसार तेजस्वी यादव को बीसैप के हाउस गार्ड, जिला बल के बॉडीगार्ड और एस्कॉर्ट टीम की सुरक्षा मिलती रहेगी. राजश्री यादव के साथ एक महिला बॉडीगार्ड और मीसा भारती के साथ तीन सुरक्षाकर्मी पहले की तरह तैनात रहेंगे.

गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी बदलावों की जानकारी दी गई है. लालू प्रसाद यादव को अब हाउस गार्ड, बॉडीगार्ड, पायलट वाहन, बुलेटप्रूफ कार और एस्कॉर्ट टीम की सुविधा मिलेगी. वहीं राबड़ी देवी को महिला बॉडीगार्ड, हाउस गार्ड, पायलट वाहन, बुलेटप्रूफ कार और एस्कॉर्ट सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.

दिलचस्प बात यह है कि नई व्यवस्था में राबड़ी देवी को लालू प्रसाद यादव की तुलना में अधिक सुरक्षा बल उपलब्ध कराया गया है. वर्तमान में राबड़ी देवी बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं, जिसके चलते उनकी सुरक्षा व्यवस्था को विशेष महत्व दिया गया है.