टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार के प्रशासनिक महकमे से मंगलवार को बड़ी खबर सामने आई है.जहां सरकार की ओर से सीनियर IPS अधिकारियों के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. 18 डीआईजी रैंक के वरिष्ठ IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है. कई जिलों के एसपी को बदला गया है. गृह विभाग की ओर से तबादले की अधिसूचना जारी कर दी गई है.
18 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अनिल कुमार को मद्य निषेध एवं एएनटीएफ का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया है. मृत्युंजय कुमार चौधरी को पुलिस उप महानिरीक्षक, नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है. राजीव रंजन-2 को विशेष निगरानी इकाई का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है.वहीं अजय कुमार पांडेय को पुलिस उप महानिरीक्षक, वायरलेस एवं तकनीकी सेवाएं की जिम्मेदारी दी गई है. आमीर जावेद को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है. मिथिलेश कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है. वहीं सुशील कुमार को पुलिस उप महानिरीक्षक, मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
सीवान के एसपी पर उठ रहे सवाल
वहीं सरकार ने हृदय कांत को नालंदा का एसपी बनाया है. राजेश कुमार को एएनटीएफ, मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का एसपी बनाया गया है. मनीष कुमार को विशेष निगरानी इकाई का एसपी और विनीत कुमार को एटीएस का एसपी बनाया गया है.इस तबादले में सबसे चौंकाने वाला नाम सीवान के एसपी पुरन कुमार झा का है. हाल के दिनों में सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा छात्रों पर एके-47 से गोली चलाने का मामला सामने आया था. इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था और विपक्ष लगातार सीवान के एसपी पर कार्रवाई की मांग कर रहा था.
सीवान के SP पुरन कुमार झा हटे
अब सरकार ने सीवान के एसपी पुरन कुमार झा को बिहार पुलिस मुख्यालय वापस बुला लिया है. उन्हें पुलिस मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है.वहीं रामानंद कुमार कौशल को विशेष निगरानी इकाई का एसपी बनाया गया है. रौशन कुमार को सारण का एसएसपी बनाया गया है. अवधेश दीक्षित को भोजपुर का एसपी, भारत सोनी को सीवान का एसपी और मिस्टर राज को रोहतास का एसपी बनाया गया है.
आपको बता दें कि छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर एके-47 से फायरिंग के मामले के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सवाल उठा रहे थे और उन्होंने इस मामले को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था. वह इस मुद्दे को लेकर विरोध जताने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही सरकार की ओर से सीवान के एसपी का तबादला कर दिया गया.
फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं
गरिमा को एसपी, कमजोर वर्ग एवं महिला कोषांग, अपराध अनुसंधान विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. बिहार पुलिस में हुए इस बड़े फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कई जिलों के पुलिस कप्तान भी बदले गए हैं. खास तौर पर सीवान के एसपी पुरन कुमार झा का तबादला चर्चा में है, क्योंकि यह बदलाव छात्र आंदोलन के दौरान एके-47 से फायरिंग के विवाद के बाद हुआ है.
