पटना(PATNA):बिहार के प्रशासनिक महकमे में बड़ा बदलाव हुआ है, जहां एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. जिसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें अधिकारियों की नई पदस्थापना की पूरी सूची है.सबसे बड़ा बदलाव गृह विभाग में हुआ है. 1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पद से स्थानांतरित कर गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है. वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे. वहीं राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से स्थानांतरित कर पटना प्रमंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है.
बदले गए 14 IAS अफसर
राजेश कुमार की नई नियुक्ति के बाद पटना के मौजूदा आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है. एच.आर. श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग से ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है. विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है. हालांकि, उनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.इसके अलावा संजय कुमार को वित्त विभाग से स्थानांतरित कर मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है. विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग का सचिव और बी. कार्तिकेय धनजी को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का सचिव बनाया गया है. राजीव रौशन को उच्च शिक्षा विभाग से हटाकर वित्त विभाग में सचिव, संसाधन की जिम्मेदारी दी गई है.
पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदले
जिला स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया गया है. मनेश कुमार मीणा को खान निदेशक के पद से हटाकर भोजपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. भोजपुर के मौजूदा डीएम तनय सुल्तानिया का तबादला कर उन्हें सीतामढ़ी का डीएम बनाया गया है.वहीं सीतामढ़ी के डीएम रिची पांडेय को बेगूसराय का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. विजय प्रकाश मीणा को नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव पद से स्थानांतरित कर सीवान का डीएम बनाया गया है. इसके साथ ही कुमार अनुराग को बिहार राज्य भवन निर्माण निगम से स्थानांतरित कर कैमूर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. इस अधिसूचना के बाद बिहार के प्रशासनिक महकमे में बड़े स्तर पर जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है. सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जिला स्तर पर भी नई तैनाती कर प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया है.
