Bihar

मोतिहारी शिक्षक हत्याकांड में बड़ा एक्शन, 20 हजार का इनामी पूर्व प्रमुख जफीर आजाद गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): मोतीहारी पुलिस ने बंजरिया थाना क्षेत्र के चर्चित शिक्षक शमशाद आलम हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और 20 हजार रुपये के इनामी पूर्व प्रमुख जफीर आजाद उर्फ चमन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है. सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि जांच के दौरान अप्राथमिकी अभियुक्त उपेंद्र महतो की भूमिका चालक के तौर पर सामने आई थी. उससे पूछताछ और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोतिहारी शहर के मधुबन छावनी के पास घेराबंदी कर जफीर आजाद को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी सिसवा पूर्वी पंचायत भवन से बरामद किया गया है.

पुलिस के अनुसार, शिक्षक शमशाद आलम स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे. इसी दौरान सिसवा पूर्वी पंचायत भवन के पास पूर्व प्रमुख जफीर आजाद उर्फ चमन और उसके समर्थकों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि इसके बाद शिक्षक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद शव को कथित तौर पर थार गाड़ी से ले जाया गया और फिर दूसरी गाड़ी में रखकर जंगल-झाड़ियों के पास फेंक दिया गया. घटना के बाद शव को मोतिहारी सदर अस्पताल चौक रोड पर रखकर लोगों ने जमकर हंगामा किया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल वाहन और डंडा बरामद करने की बात कही है.

शिक्षक हत्याकांड में पुलिस अब आगे की जांच और पूछताछ में जुटी है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है, जिससे मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच में मदद मिलेगी. मामले में सिसवा पूर्वी पंचायत की मुखिया और राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित तान्या प्रवीण को भी नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस के अनुसार, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं, जफीर आजाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar