Bihar

बिहार में टेंडर हेराफेरी मामले में SVU की बड़ी कार्रवाई, निलंबित IAS अधिकारियों के घर पर पड़े छापे

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बिहार में टेंडर हेराफेरी मामले में SVU की बड़ी कार्रवाई, निलंबित IAS अधिकारियों के घर पर पड़े छापे

पटना (PATNA ) : बिहार में कथित टेंडर हेराफेरी मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है. विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित आईएएस अधिकारियों अभिलाष शर्मा और योगेंद्र कुमार सागर समेत एक निजी कंपनी के निदेशक पवन कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारी अपने आवासों पर नहीं मिले, जिसके बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है. जांच एजेंसी को मामले से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है.

दस्तावेजों और अन्य प्रमाणों की जांच

जानकारी के अनुसार, विशेष निगरानी की टीम पटना में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है. अभिलाष शर्मा के राजवंशी नगर स्थित सरकारी आवास पर भी छापेमारी की गई. हालांकि कार्रवाई के दौरान वह अपने आवास पर नहीं मिले और फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं. वहीं, योगेंद्र कुमार सागर के पटना स्थित आवास पर भी विशेष निगरानी की टीम दस्तावेजों और अन्य प्रमाणों की जांच कर रही है

इसके अलावा मामले से जुड़े एक निजी कंपनी के निदेशक पवन कुमार के आवास और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, विशेष निगरानी इकाई को टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और हेराफेरी से जुड़े कई अहम सबूत मिले थे. इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर बिहार सरकार ने पहले दोनों आईएएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया था. इसके बाद से जांच एजेंसियां मामले की गहन पड़ताल कर रही थी.

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई से बचने के लिए दोनों अधिकारी लगातार नजरों से दूर रहने की कोशिश कर रहे थे. छापेमारी के दौरान भी दोनों अपने-अपने आवासों पर नहीं मिले, जिसके बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है.

जांच में एक महत्वपूर्ण कदम

विशेष निगरानी इकाई की यह कार्रवाई बिहार में चर्चित टेंडर हेराफेरी मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.