Bihar

पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई, कार्यपालक अभियंता के कई ठिकानों पर छापेमारी, जानिए मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है.

अनुमति मिलने के बाद छापेमारी की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई ने अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है. जांच में उनके पास ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 1 करोड़ 19 लाख 98 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति होने की बात सामने आई है. इसी आधार पर विशेष अदालत से अनुमति मिलने के बाद छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई.

अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जारी

ईओयू की टीमें पटना, मुजफ्फरपुर और सासाराम समेत कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं. अधिकारियों की टीम अभियंता के आवास, कार्यालय और अन्य संबंधित परिसरों में दस्तावेजों, बैंक खातों, निवेश, जमीन और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है.

आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है

सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खंगाले जा रहे हैं.जांच एजेंसी को उम्मीद है कि तलाशी के दौरान आय और संपत्ति से जुड़े कई अहम सबूत मिल सकते हैं.फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और ईओयू की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.

छापेमारी पूरी होने के बाद मूल्यांकन किया जायेगा

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. हालांकि, आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के दर्ज मामले के आधार पर की जा रही है. छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जाएगा. इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar