☰
Bihar

छात्रों पर लाठीचार्ज गलत, लेकिन सरकार के 100 दिनों का काम अच्छा: जदयू विधायक अनंत सिंह

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) :  जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से छात्रों को मारा गया वह बिल्कुल ही गलत था. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए. अगर छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तो प्रशासन को बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए था. लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई से स्थिति और बिगड़ती है. उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को छात्रों की बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान निकालना चाहिए.

बिहार सरकार के कामकाज की सराहना की

वहीं बिहार में सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे होने पर अनंत सिंह ने सरकार के कामकाज की सराहना की. उन्होंने कहा कि सरकार ने इन 100 दिनों में अच्छा काम किया है। विकास और जनहित से जुड़े कई फैसले लिए गए हैं, जिनका लाभ लोगों को मिलेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी सरकार इसी तरह जनता के हित में काम करती रहेगी और विकास की गति बनाए रखेगी.

निशांत कुमार बहुत अच्छा काम कर रहे हैं

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अनंत सिंह ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. उन्होंने ज्यादा विस्तार से कुछ नहीं कहा, लेकिन इतना जरूर कहा कि वह अपने स्तर पर अच्छा योगदान दे रहे हैं.

बयानों की राजनीतिक हलकों में हो रही चर्चा

अनंत सिंह के इन बयानों की राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है. एक तरफ उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को गलत बताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए तो दूसरी ओर सरकार के 100 दिनों के काम की खुलकर तारीफ की. साथ ही निशांत कुमार के कामकाज की भी सराहना की. ऐसे में उनके बयान को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने छात्र आंदोलन, सरकार के प्रदर्शन और निशांत कुमार तीनों मुद्दों पर अपनी स्पष्ट राय सामने रखी.

 

TagsBihar