☰
Bihar

पटना में आज दरोगा अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास घेरने की तैयारी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में आज दरोगा अभ्यर्थी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने जा रहे हैं. दरोगा की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थियों ने बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी की है. इस दौरान मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की भी योजना है. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

जानकारी के अनुसार, दरोगा अभ्यर्थियों का प्रदर्शन पटना के गांधी मैदान से शुरू होगा. इसके बाद प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर होते हुए डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ेंगे और फिर मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने की कोशिश करेंगे. अभ्यर्थियों का विरोध दरोगा की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले को लेकर है. इस मुद्दे पर इससे पहले भी कई बार अभ्यर्थी प्रदर्शन कर चुके हैं. अब एक बार फिर वे अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की तैयारी में हैं.

प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. जेपी गोलंबर पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है. वहीं, डाक बंगला चौराहे पर लोहे का बैरिकेडिंग गेट लगाया गया है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों को निर्धारित सुरक्षा घेरे से आगे बढ़ने से रोका जाए.

गौरतलब है कि गड़बड़ी की रिपोर्ट सामने आने के बाद राज्य सरकार ने दरोगा की मुख्य परीक्षा रद्द कर दी थी. इसके बाद से ही अभ्यर्थियों में नाराजगी है. आज के प्रदर्शन के दौरान राजधानी में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी है. ऐसे में लोगों को संबंधित मार्गों पर निकलने से पहले सतर्क रहने की जरूरत है.

TagsBihar