☰
Bihar

पटना में भू-माफिया भगत यादव गिरफ्तार, पत्नी के फ्लैट से मिले 19.50 लाख रुपये नकद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पटना(PATNA): आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर ब्लैक मनी  से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वाले भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में उसकी पत्नी सुनीता कुमारी को भी हिरासत में लिया गया है. टीम ने पत्नी के फ्लैट से 19 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है.

बेली रोड से पकड़ा गया भगत यादव

आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने STF और स्थानीय थाना पुलिस की मदद से शुक्रवार को बेली रोड से भगत यादव को गिरफ्तार किया. जांच एजेंसी को लंबे समय से उसकी संपत्ति और कमाई के तरीकों को लेकर जानकारी मिल रही थी. इसके बाद टीम ने कार्रवाई की और उसे अपने कब्जे में ले लिया.

पत्नी के फ्लैट से मिले लाखों रुपये

भगत यादव की गिरफ्तारी के साथ ही जांच टीम ने उसकी पत्नी सुनीता कुमारी को भी हिरासत में लिया. उसे बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के मां सुखिया महल अपार्टमेंट स्थित फ्लैट नंबर 406 से पकड़ा गया. टीम ने फ्लैट की तलाशी ली तो वहां से 19 लाख 50 हजार रुपये नकद मिले. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद जांच एजेंसी ने पैसों के स्रोत की पड़ताल शुरू कर दी है.

संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच

आर्थिक अपराध इकाई अब भगत यादव की कुल संपत्ति का हिसाब जुटा रही है. जांच का मुख्य आधार यह पता लगाना है कि उसने इतनी संपत्ति किन स्रोतों से अर्जित की और उसकी घोषित आमदनी का इससे कितना मेल है. बताया जा रहा है कि भगत यादव का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. ऐसे में जांच एजेंसी उससे जुड़े पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है. फिलहाल भगत यादव और उसकी पत्नी से EOU कार्यालय में पूछताछ की जा रही है. पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar