Bihar

पटना के 10 सर्कुलर रोड से विदाई, नए आशियाना कौटिल्य नगर की ओर बढ़ा लालू परिवार

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
पटना के 10 सर्कुलर रोड से विदाई, नए आशियाना कौटिल्य नगर की ओर बढ़ा लालू परिवार

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. सरकार की ओर से दिए गए अल्टीमेटम के आखिरी दिन लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी आवास से निकलकर 1 पोलो रोड स्थित तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पहुंचे. वहीं दूसरी ओर सामान को लगातार नए आवास में शिफ्ट किया जा रहा है.

नए ठिकाने पर पहुंचाने का सिलसिला जारी

सुबह से ही आवास से घरेलू सामान निकालकर नए ठिकाने पर पहुंचाने का सिलसिला जारी रहा. फर्नीचर, एयर कंडीशनर (एसी), घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं और जरूरी सामान दो छोटे ट्रकों के जरिए कौटिल्य नगर स्थित नए आवास में पहुंचाया गया. आवास से सामने आई तस्वीरों में अधिकांश कमरे खाली नजर आए और केवल कुछ अंतिम औपचारिकताएं ही शेष दिखाई दीं.

कुछ समय तक रुकने की जानकारी

इसी बीच लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से बाहर निकले. सबसे पहले तेजस्वी यादव निकले और कुछ देर बाद लालू प्रसाद यादव एवं राबड़ी देवी भी वहां से रवाना हुए. तीनों 1 पोलो रोड स्थित तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पहुंचे, जहां कुछ समय तक रुकने की जानकारी सामने आई.

सूत्रों के अनुसार

सूत्रों के अनुसार, कौटिल्य नगर स्थित नए आवास में शिफ्टिंग का काम लगातार जारी है. मजदूर और वाहन पूरे दिन सामान पहुंचाने में लगे रहे. माना जा रहा है कि अगले कुछ समय में पूरा लालू परिवार नए आवास में स्थानांतरित हो जाएगा और 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास पूरी तरह खाली कर दिया जाएगा.

राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा

गौरतलब है कि सरकारी आवास खाली करने को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा चल रही थी. अब अंतिम दिन तेज हुई शिफ्टिंग के साथ इस पूरे घटनाक्रम पर लगभग विराम लग गया है. आने वाले दिनों में लालू परिवार पूरी तरह अपने नए आवास में रहने लगेगे.जबकि 10 सर्कुलर रोड का आवास प्रशासन को सौंप दिया जाएगा.