☰
Bihar

IRCTC घोटाला मामले में आज लालू-राबड़ी की कोर्ट में पेशी, तेजस्वी यादव भी रहेंगे मौजूद

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): IRCTC मामले में आज लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी होनी है. जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी सुबह करीब 10 बजे तक कोर्ट पहुंचेंगे. इस दौरान तेजस्वी यादव भी कोर्ट में मौजूद रहेंगे. IRCTC से जुड़े मामले में अदालत में आज की सुनवाई को लेकर राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है.

चार्ज फ्रेम (आरोप तय) करने की प्रक्रिया में अदालत आरोपी के सामने उन धाराओं और आरोपों को औपचारिक रूप से रखती है, जिनके आधार पर मुकदमा आगे बढ़ाया जाना है. इसके बाद आरोपी से उसका पक्ष पूछा जाता है. अगर आरोपी आरोप स्वीकार नहीं करता है तो मामला ट्रायल की ओर बढ़ता है. IRCTC मामले में सितंबर में विशेष जज विशाल गोगने ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत नौ आरोपियों के खिलाफ PMLA की धारा 3 और 4 के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था. अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले में आगे कार्रवाई के लिए पर्याप्त आधार और आरोपियों के खिलाफ ‘strong suspicion’ का उल्लेख किया था. हालांकि, आरोप तय होना दोष साबित होना नहीं है. दोष या निर्दोष होने का फैसला ट्रायल के बाद होगा.

चार्ज फ्रेम होने के बाद केस ट्रायल के चरण में जाएगा. इसमें अभियोजन पक्ष अपने गवाह और दस्तावेज अदालत के सामने रखेगा. बचाव पक्ष को भी गवाहों से जिरह करने और अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा. इसके बाद अदालत उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर मामले पर फैसला करेगी.

 

TagsBihar