☰
Bihar

चुनाव आयोग पर कांग्रेस के आरोपों पर भड़के ललन सिंह, बोले- हार के असली कारणों की समीक्षा करे पार्टी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA): चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता ललन सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर बेवजह हंगामा कर रही है और पार्टी को आरोप लगाने के बजाय अपनी चुनावी हार के वास्तविक कारणों की समीक्षा करनी चाहिए.

चुनाव आयोग को लेकर क्यों बढ़ा विवाद?

हाल में आई मीडिया रिपोर्टों में चुनाव आयोग के भीतर कुछ फैसलों को लेकर मतभेद और दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का दावा किया गया है. इसके बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए और उनके इस्तीफे की मांग की है. इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कांग्रेस के रुख की आलोचना की. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस पूरे देश में हंगामा खड़ा कर रही है.

'हार के कारणों की समीक्षा करे कांग्रेस'

ललन सिंह के मुताबिक, कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय यह समीक्षा करनी चाहिए कि चुनावों में उसकी हार किन कारणों से हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है. कांग्रेस की ओर से हाल के दिनों में SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए हैं. पार्टी के नेताओं ने आयोग से अधिक पारदर्शिता की मांग की है.

प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भी साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मुद्दों की कमी होने का आरोप भी लगाया. ललन सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए चुनाव आयोग से जुड़े विवाद को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है. ललन सिंह का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब चुनाव आयोग से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है. विपक्ष जहां आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य निर्वाचन आयुक्त से सवाल कर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष से जुड़े नेता विपक्ष के आरोपों पर पलटवार कर रहे हैं.

TagsBihar