पटना (PATNA) : लखीसराय मंदिर में हुई दुखद घटना को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने घटना को बेहद गंभीर और दुखद बताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. तेजस्वी यादव ने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है.
लखीसराय में जो घटना हुई है वह बेहद गंभीर और दुखद
तेजस्वी यादव ने कहा कि लखीसराय में जो घटना हुई है वह बेहद गंभीर और दुखद है. इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि प्रशासन की ओर से वाहनों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का उचित इंतजाम नहीं किया गया था. व्यवस्था में कमी दिखाई दी जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
राज्य सरकार को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य सरकार को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और घटना की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए. जांच में जिन अधिकारियों, कर्मचारियों या अन्य लोगों की लापरवाही सामने आती है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए. ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को पहले से पर्याप्त तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए.
राष्ट्रीय जनता दल पूरी तरह मृतकों के परिवारों के साथ खड़ा है
तेजस्वी यादव ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति दुख जताते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल पूरी तरह से मृतकों के परिवारों के साथ खड़ा है. दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता मिलनी चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की. तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों की सहायता सुनिश्चित करे और घटना की जांच के बाद जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे.
