पटना (PATNA): बिहार की राजधानी में रविवार को प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह आयोजित की गई. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस पर जम कर निशाना साधा साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी तंज कसा. खड़गे के भाषण के दौरान कुछ देर के लिए हंगामा की स्थिति भी बनी. बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह पर कांग्रेस ने राजधानी पटना में एक समारोह आयोजित किया था. खड़गे के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्य गेट पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनका विरोध भी किया.
चुनाव आयोग और मोदी सरकार का है सांठगांठ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि श्री बाबू आधुनिक बिहार में लोकतंत्र को मजबूत करने वाले नायक थे. आज कई जगहों पर लैंड रिफॉर्म्स के कानून आए हैं उसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी बहुत काम किया था. बिहार में 1937 में कांग्रेस की पहली सरकार श्रीबाबू के नेतृत्व में बनी थी. उनके सरकार में बिहार काफी आगे बढ़ा. इस दौरान खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस पर जम कर हमला किया. उन्होंने कहा कि श्री बाबू के समय में बहुत काम हुआ लेकिन आज भाजपा कहती है कि हमने किया. बीते कुछ दिनों की घटना को देखें तो यह पता चलता है कि चुनाव आयोग और मोदी सरकार के बीच सांठगांठ है. ज्ञानेश कुमार के आने के बाद नकदी सरकार ने ऐसा काम कानून लाया है कि कुछ भी कर लो कार्रवाई नहीं होगी, मतलब 12 खून माफ.
मोदी का बाप भी जाएगा
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि पहले मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष मिल कर चुनाव आयुक्त का चयन करते थे लेकिन अब मोदी सरकार ने चीफ जस्टिस को हटा कर गृह मंत्री कर दिया है. हमने उनकी गलती पकड़ ली है और जनता को बार बार बता भी रहे हैं. आज हर जगह चोरों की सरकार है. जो लोग चोरी करते हैं उन्हें सबक सिखाना होगा. इस दौरान खड़गे ने कहा कि मोदी जी अब जाने वाले हैं. इसके बाद एक शख्स ने उठ कर कहा कि वह कहीं नहीं जाने वाले हैं. फिर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा कि मोदी का बाप भी जाएगा, जिसके बाद सभास्थल पर हंगामा हो गया. बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खड़गे का विरोध करने वाले व्यक्ति की पिटाई कर दी.
विपक्ष के नेताओं में लगी है होड़, जनता देगी करारा जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बयान पर अब बिहार में राजनीति शुरू हो गई है. भाजपा और कांग्रेस ने उनके बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. मामले को लेकर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि विपक्ष के नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अपशब्द बोलने की होड़ लगी हुई है. आज भी मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को अपशब्द तो कहा ही उनके पिता के बारे में भी अपशब्द कहा. ऐसे नेताओं की बदज़ुबानी जनता देख रही है, और समय आने पर जनता करारा जवाब भी देगी. खड़गे ने जिस शब्दों से पीएम मोदी के पिता के लिए अपमानजक शब्द कहा है उसकी हम कठोरतम शब्द में निंदा करते हैं.
जनता सबक सिखाएगी
वहीं मामले में भाजपा ने भी जोरदार हमला किया है. भाजपा के प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि खड़गे जी आपकी भाषा अभद्रता भरी है. आपने मोदी जी के पिता का अपमान किया है. पहले से आप उनकी माता जी का अपमान करते ही रहे हैं अब पिता जी का करना भी शुरू कर दिए हैं. इसके लिए देश की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी और आने वाले दिनों में सबक सिखाएगी.