Bihar

Khan Sir Update: खान सर के सरेंडर की अफवाहों पर ध्यान ना दें ! सोमवार को बेल की तैयारी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. कोचिंग संस्थान पर हमले और हवाई फायरिंग के मामले में नामजद होने के बाद पटना में कानूनी और प्रशासनिक हलचल काफी तेज हो गई है.

सरेंडर की खबरों का खंडन

खान सर के वकील अरविंद कुमार महुआ ने मीडिया में चल रही सरेंडर की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि वे कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करेंगे. शनिवार को अदालती समय समाप्त होने के कारण याचिका दायर नहीं हो सकी थी, इसलिए अब उनकी कानूनी टीम सोमवार, 8 जून 2026 को पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipated Bail) याचिका दाखिल करेगी. बचाव पक्ष का दावा है कि यह एफआईआर पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण है और वीडियो साक्ष्यों के अनुसार गार्ड्स ने केवल आत्मरक्षा और सुरक्षा के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ था.

क्या है पूरा विवाद और FIR का आधार?

इस पूरे विवाद की शुरुआत 2 जून 2026 की रात को हुई थी, जब 15-20 असामाजिक तत्वों ने खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमला कर तोड़फोड़ की, पोस्टर फाड़े और पथराव किया. इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्ड्स (प्रदीप और तारकेश्वर) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. कदमकुआं थाना के दरोगा के लिखित बयान पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, पूछताछ में गार्ड्स ने कथित तौर पर बयान दिया कि उन्होंने खान सर के आदेश पर फायरिंग की थी, जिसके बाद खान सर को साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया गया. वहीं दूसरी ओर, खान सर और उनकी टीम का आरोप है कि यह हमला प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों द्वारा उनके 'कम फीस' वाले मॉडल को प्रभावित करने और उन्हें बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच की स्थिति

अदालत से अभी तक कोई राहत या स्टे नहीं मिलने के कारण तकनीकी रूप से पटना पुलिस के पास खान सर को गिरफ्तार करने का अधिकार सुरक्षित है. पटना के सीनियर एसपी (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने साफ किया है कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी. इसके साथ ही पटना पुलिस ने सोशल मीडिया (X हैंडल) पर 'खान ग्लोबल स्टडीज' के नाम से चल रही एक भ्रामक पोस्ट के खिलाफ भी केस दर्ज किया है, जिसमें खान सर की गिरफ्तारी न होने के बावजूद उनकी रिहाई की मांग कर छात्रों को भड़काने का प्रयास किया जा रहा था.

कोचिंग संस्थान को सील करने का नोटिस

इस बड़े कानूनी विवाद के बीच बिहार अग्निशमन सेवा (Fire Services) विभाग ने भी 'खान ग्लोबल स्टडीज' पर अपना शिकंजा कस दिया है. विभाग ने कोचिंग कैंपस में सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी नियमों की भारी अनदेखी पाए जाने पर एक कड़ा नोटिस जारी किया है. इस नोटिस के जरिए संस्थान को अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि पाई गई कमियों को जल्द से जल्द दूर नहीं किया गया, तो कोचिंग संस्थान को पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा.

जमीनी स्थिति: छात्रों का प्रदर्शन और भारी तनाव

एफआईआर दर्ज होने की खबर मिलते ही शनिवार रात से ही सैकड़ों की संख्या में छात्र खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर जमा हो गए और खान सर के समर्थन में लगातार नारेबाजी कर रहे हैं. छात्रों के इस भारी जमावड़े को देखते हुए मुसल्लहपुर, कदमकुआं और पटना सिविल कोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. प्रशासन ने किसी भी संभावित उग्र प्रदर्शन या कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति को रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया है.

TagsBihar