Bihar

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर कन्हैया कुमार का सरकार पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग,पढ़ें पूरा मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) :  कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि छात्रों पर जिस तरह लाठीचार्ज किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया, वह लोकतंत्र के खिलाफ है. सरकार ने दावा किया था कि छात्रों पर दर्ज मामले वापस ले लिए गए हैं, लेकिन दानापुर में अब भी एफआईआर वापस नहीं हुई है. भागलपुर के कई छात्र अब तक अपने घर नहीं पहुंच पाए हैं.

सरकार को अपनी कार्रवाई का जवाब देना होगा

कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मुद्दे पर लगातार सरकार के खिलाफ आंदोलन करती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को यह संदेश देना चाहते हैं कि वे सबसे वफादार नेता हैं, जबकि बिहार पुलिस उन्हें यह दिखाना चाहती है कि वह सबसे वफादार पुलिस है. उन्होंने कहा कि संविधान और कानून से ऊपर कोई नहीं है और सरकार को अपनी कार्रवाई का जवाब देना होगा.

पुलिस आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है

उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया. इसी कारण वे प्रेस वार्ता में शामिल नहीं हो सके. कन्हैया कुमार ने जहानाबाद और सिवान में छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष फैक्ट फाइंडिंग जांच की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है, यहां राजतंत्र नहीं चल सकता.

निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन में असामाजिक तत्व घुस आए थे और पथराव हुआ था तो यह पुलिस और खुफिया तंत्र की विफलता है. उन्होंने पूछा कि लाठीचार्ज और गोली चलाने का आदेश किसने दिया. सिवान में गोली चलाने और एके-47 के इस्तेमाल पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए. कन्हैया कुमार ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार अधिकांश छात्र नाबालिग हैं और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई. उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की.

 

TagsBihar