पटना: बिहार के भोजपुर में जून महीने में भरत तिवारी नामक युवक के कथित एनकाउंटर का मामला देश भर में बड़ा मुद्दा बना था. इस मुद्दे विपक्ष ने पुलिस और राज्य सरकार पर कई आरोप भी लगाए थे. हालांकि बाद में मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की थी. पांच महीने बीत जाने के बावजूद अब तक इस मामले की जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है. इस बीच अब भरत तिवारी के भाई और कुछ समाजसेवियों ने एक संगठन का गठन किया है जिसे लेकर गुरुवार को राजधानी पटना में प्रेस कांफ्रेंस किया गया.
भरत की हत्या के आरोपी घूम रहे खुलेआम
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए भरत तिवारी के भाई ने कहा कि हमारे भाई की हत्या की गई और अब तक हमें न्याय नहीं मिला. हम चाहते हैं कि और भी कोई परिवार ऐसा न रहे जिसके साथ अन्याय हो और न्याय न मिले. इसके लिए हमने भरत तिवारी संघर्ष वाहिनी नाम का एक संगठन बनाया है जो देश भर में वैसे लोगों की हर तरह से मदद करेगा जिनके साथ अन्याय हुआ हो. वहीं भरत तिवारी की मां ने कहा कि मेरे बेटे की हत्या की गई और जिन लोगों ने हत्या की वह आज खुलेआम घूम रहे हैं.
डीआईजी आते हैं, नहीं मिला परिणाम
एक सवाल के जवाब में भरत तिवारी की मां ने कहा कि डीआईजी जांच कर रहे हैं. कई बार हमलोगों से भी पूछताछ की गई लेकिन अब तक कोई परिणाम सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात हुई थी तब उन्होंने 6 महीने का वक्त मांगा था जिसमें करीब 5 महीने बीत चुके हैं. उन्होंने कहा कि अब तक सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि घटना में पांच पुलिसकर्मी शामिल थे. सभी लोग खुलेआम घूम रहे हैं और किसी के विरूद्ध कार्रवाई नहीं की गई.
संगठन करेगा अन्याय पीड़ितों की मदद
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए संगठन से जुड़े शख्स अजीत ने कहा कि भरत तिवारी किसी जाति विशेष नहीं बल्कि मजबूर लोगों की लड़ाई लड़ते थे. वह सबको न्याय दिलाते थे लेकिन खुद ही अन्याय के शिकार हो गए. उनको आज तक न्याय नहीं मिला. इस बात से परिवार के लोग परेशान हैं. इसी बीच उनके भाई ने एक संगठन की बात की जो अब शुरू किया जा रहा है. इस संगठन के जरिये हमलोग देश भर में अन्याय के पीड़ित लोगों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे. उन्होंने बताया कि भरत तिवारी मामले में भी सरकार ने न्याय और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात कही थीं लेकिन आज तक कुछ नहीं मिला है.
भोजपुर के बिलौटी की घटना
बता दें कि बीते जून महीने में भोजपुर के बिलौटी गांव में एक युवक की पुलिस ने कथित तौर पर एनकाउंटर किया था जिसमें इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई थी. युवक के बारे में बताया जा रहा है कि वह गांव के बाढ़ पीड़ित लोगों को वास की जमीन दिलाने समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार मुहिम चला रहे थे. इस बीच सरकारी कर्मियों के व्यवहार से क्षुब्ध हो कर उन्होंने हथियार के बल पर न्याय की मुहिम चलाने की बात की तथा समझाने आये पुलिसकर्मियों को भी हथियार से डराया था. इस दौरान एसटीएफ की गोली लगने से वह जख्मी हो गए थे जिनका इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में परिवार और गांव के लोगों ने हथियार फेंक कर सरेंडर करने के बाद गोली मारकर हत्या करने का आरोप पुलिस पर लगाया था. मामले में पुलिस ने एसटीएफ के एक जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि मामले की एसआईटी जांच चल रही है.