पटना (PATNA): बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) अब नीतीश कुमार के काम और खासकर महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को लेकर सीधे संवाद की तैयारी में है. गांधी जयंती के मौके पर आज 2 अक्टूबर को पूरे बिहार के सभी जिलों में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम का केंद्र जीविका के 20 साल का सफर रहेगा. JDU की ओर से इस दौरान यह बताने की कोशिश की जाएगी कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं किस तरह आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत हुई हैं.
JDU के लिए ‘नीतीश संवाद’ सिर्फ जीविका की 20 वर्षों की यात्रा बताने का मंच नहीं है. कार्यक्रम के जरिए महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में जीविका की भूमिका और ग्रामीण समाज पर पड़े इसके प्रभाव को भी सामने रखने की तैयारी है. कार्यक्रम में मंच पर सिर्फ पार्टी के नेता ही नहीं होंगे, बल्कि जीविका से जुड़ी महिलाओं के अनुभव और उनके जीवन में आए बदलाव की कहानियों को भी प्रमुखता दी जाएगी. महिलाओं को अपने अनुभव साझा करने का मौका दिया जाएगा, ताकि योजनाओं और उनके असर को सीधे लाभार्थियों की जुबानी सामने रखा जा सके.
इस बड़े कार्यक्रम में नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत JDU के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे. पार्टी की ओर से इसे महिलाओं के बीच अपने काम और नीतियों को सीधे संवाद के जरिए पहुंचाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है. ‘नीतीश संवाद’ के जरिए JDU महिला सशक्तीकरण और जीविका के जरिए हुए बदलाव को प्रमुख राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाने की कोशिश कर रही है. खास तौर पर ग्रामीण इलाकों में महिलाओं से सीधे संवाद के जरिए पार्टी अपने महिला आधार को मजबूत करने पर जोर देती नजर आ रही है.
