Bihar

JDU के विधायक और MLC सीखेंगे सदन में प्रभावी भागीदारी के तरीके, नीतीश कुमार करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक और विधान पार्षदों के लिए आज विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. पटना स्थित पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में कार्यक्रम शुरू होगा. इसका उद्घाटन JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे. प्रशिक्षण में पार्टी के विधायक, विधान पार्षद और कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे.

इस कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यप्रणाली की बारीकियों से परिचित कराना और सदन में उनकी भागीदारी को अधिक प्रभावी बनाना है. पूरे दिन अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी.

वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. पार्टी ने इस प्रशिक्षण को जनप्रतिनिधियों की संसदीय समझ और सदन में सक्रिय भूमिका को मजबूत करने की पहल के रूप में आयोजित किया है.

विशेषज्ञ बताएंगे सदन में सवाल उठाने के तरीके

प्रशिक्षण के दौरान संसदीय मामलों के विशेषज्ञ विधायकों और विधान पार्षदों को सदन की कार्यवाही और उससे जुड़े नियमों की जानकारी देंगे. जनप्रतिनिधियों को प्रश्न पूछने की प्रक्रिया, विभिन्न संसदीय गतिविधियों और नियमों के इस्तेमाल के बारे में समझाया जाएगा. इसके साथ ही विधायकों और विधान पार्षदों को बताया जाएगा कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दों को सदन में व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से कैसे उठा सकते हैं. प्रशिक्षण में संसदीय प्रक्रियाओं के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

PRS Legislative Research संभालेगा प्रशिक्षण

JDU के अनुसार, ओरिएंटेशन कार्यक्रम का संचालन PRS Legislative Research करेगा. संस्था से जुड़े विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को विधायी और संसदीय प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी देंगे. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कार्यक्रम के उद्देश्य को जनप्रतिनिधियों की संसदीय समझ मजबूत करने से जोड़ा है. प्रशिक्षण के जरिए विधायकों और विधान पार्षदों को सदन की प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी देने और अपने क्षेत्रों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

TagsBihar