Bihar

नीतीश कुमार के AI वीडियो विवाद पर जदयू का पलटवार, प्रशांत किशोर के खिलाफ शिकायत,पढ़िए पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर द्वारा वीडियो को एआई से तैयार बताया जाने के बाद जनता दल यूनाइटेड ने कड़ा विरोध जताया है. इसी मामले को लेकर जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार पटना के शास्त्री नगर थाना पहुंचे और प्रशांत किशोर के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन सौंपा.

आखिर किस आधार पर ऐसा दावा किया गया

नीरज कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर ने बिना किसी ठोस प्रमाण के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वीडियो को एआई वीडियो बता दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस आधार पर ऐसा दावा किया गया. उनका कहना था कि यदि किसी के पास कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए लेकिन बिना प्रमाण के इस तरह के आरोप लगाना नीतीश कुमार की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है.

नीतीश कुमार की छवि से खिलवाड़ करने का प्रयास

जदयू प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर ने जानबूझकर नीतीश कुमार की छवि से खिलवाड़ करने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि अब तक प्रशांत किशोर यह साबित नहीं कर पाए हैं कि संबंधित वीडियो वास्तव में एआई तकनीक से बनाया गया था.

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग

नीरज कुमार ने थाना अध्यक्ष को दिए आवेदन में प्रशांत किशोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है. उन्होंने बताया कि आवेदन में धारा 171, 171(ए), 353, 173, 174 सहित अन्य संबंधित धाराओं का उल्लेख किया गया है.

राजनीतिक हलकों की नजर इस मामले पर बनी हुई है

इस पूरे घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. अब इस मामले में पुलिस शिकायत की जांच करेगी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी. राजनीतिक हलकों की नजर इस मामले पर बनी हुई है.

 

TagsBihar