☰
Bihar

लॉरेंस बिश्नोई को साहब बोल कर फंसे आईपीएस! भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा अपराधी को अपराधी की तरह ट्रीट करे  

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पटना: भाजपा सांसद मनोज तिवारी रविवार को पटना पहुंचे. जहां  कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एयरपोर्ट पर किया. इस बीच मनोज तिवारी ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की नींद की साथ ही पुलिस अधिकारी के द्वारा गैंगस्टर को साहब बोल कर संबोधित करने पर भी जवाब दिया. जिसमें उन्होंने कहा कि अपराधी के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल सही नहीं है.  साथ ही अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी है.        

भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. मनोज तिवारी ने भरोसा जताया कि कानून अपना काम करेगा और अपराध करने वालों को सजा मिलेगी.

वहीं पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा लॉरेंस बिश्नोई के लिए सम्मानसूचक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर विपक्ष के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि अपराधियों के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपराध कर रहा है, उसके साथ कानून के अनुसार ही व्यवहार किया जाना चाहए.

भोजपुरी सिनेमा को लेकर अभिनेता रवि किशन के बयान पर भी मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया दी. रवि किशन ने भोजपुरी को आगे बढ़ाने के लिए भोजपुरी भाषा में अधिक फिल्में बनाने और काम करने की जरूरत बताई थी. इस पर मनोज तिवारी ने सहमति जताते हुए कहा कि ऐसा जरूर करना चाहिए.

राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने भाजपा की एक्सपायरी आने की बात कही थी. मनोज तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से इसी तरह की बातें करते आ रहे हैं. उन्होंने सलाह दी कि अगर देश की जनता का समर्थन हासिल करना है, तो सड़कों पर लोगों को परेशान करने के बजाय उनका दिल जीतना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ने जनता का विश्वास जीतकर समर्थन हासिल किया है.

रिजीम चेंज की चर्चा पर क्या बोले मनोज तिवारी?

देश में रिजीम चेंज की चर्चा पर मनोज तिवारी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है. उन्होंने वैशाली के प्राचीन गणराज्य का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन वोट के जरिए होता है, न कि सड़कों पर हिंसा और खून-खराबे से.

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले संविधान की रक्षा की बात करते थे, आज उनके आचरण पर सवाल उठ रहे हैं. मनोज तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और सत्ता हासिल करने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए.

राहुल गांधी और उनके साथियों के विरोध-प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने पुलिस के साथ टकराव और कानून हाथ में लेने से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन कानून और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान भी जरूरी है.

बिश्नोई गैंग को संरक्षण देने पर भी बोले

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अपराधियों को संरक्षण देने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि किसी भी अपराधी को संरक्षण देना या उसे सम्मानित करना गलत है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया.

बिहार MLC चुनाव पर दी प्रतिक्रिया

बिहार में एमएलसी चुनाव और अनंत सिंह द्वारा प्रशांत किशोर की पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन से जुड़े सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है. हालांकि, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपना काम करना चाहिए.

अंत में मनोज तिवारी ने बिहार के पत्रकारों की तारीफ करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे जनता तक सही संदेश पहुंचाएं और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाते रहें.

 

TagsBihar