Bihar

लखनऊ हादसे के बाद पटना के कोचिंग सेंटरों की जांच, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल, अधिकारियों ने जताई चिंता

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
लखनऊ हादसे के बाद पटना के कोचिंग सेंटरों की जांच, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल, अधिकारियों ने जताई चिंता

पटना (PATNA) : लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद बिहार अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में पटना के विभिन्न इलाकों में चल रहे कोचिंग संस्थानों की जांच की जा रही है. पटना सिटी के मुसल्लमपुर इलाके में अग्निशमन विभाग की टीम ने कई कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया जहां सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं. अधिकारियों का कहना है कि इन कमियों को जल्द दूर नहीं किया गया तो किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है.

सुरक्षा मानकों का अभाव देखा गया

जांच के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने पाया कि कई कोचिंग संस्थानों में आग से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं. कई जगहों पर अग्निशमन यंत्र या तो मौजूद नहीं थे या फिर उनकी स्थिति सही नहीं पाई गई. इसके अलावा कुछ संस्थानों में आपातकालीन निकास द्वार, पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा मानकों का भी अभाव देखा गया.

कमियों को दूर करने का निर्देश

अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि टीम द्वारा की गई जांच में कई गंभीर कमियां सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी भी कोचिंग संस्थान में अचानक आग लगने जैसी आकस्मिक घटना होती है तो वहां बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कोचिंग संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और जल्द से जल्द कमियों को दूर करने का निर्देश दिया है.

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

अजय शर्मा ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विभाग आगे भी ऐसे संस्थानों की जांच जारी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

अग्निशमन विभाग की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण समय-समय पर होते रहने चाहिए. विभाग का मानना है कि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन ही किसी बड़ी दुर्घटना को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है.