☰
INDIA

7 दिन में 25 हजार यात्री, छठ को लेकर बिहार सरकार की बस और अनुदान का यात्री खूब उठा रहे लाभ

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: छठ पर्व के अवसर पर दूसरे राज्यों में रहने वाले हजारों प्रवासी बिहारी अपने घर लौट रहे हैं लेकिन इस दौरान लोगों को सबसे अधिक परेशानी टिकट मिलने में हो रही है. करीब डेढ़ सौ विशेष ट्रेन चलाए जाने के बावजूद भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही और न ही लोगों को टिकट मिल रहा है. लोगों की समस्या को देखते हुए बिहार राज्य परिवहन निगम ने 200 से अधिक बसें विभिन्न शहरों के लिए चलाई. इतना ही नहीं इन बसों में किराया पर 30 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है जिसका यात्री भी काफी लाभ उठा रहे हैं.

राज्य सरकार की पहल पर बिहार से पांच राज्यों के लिए विशेष अंतर्राज्यीय त्योहारी बसों का परिचालन हो रहा है. दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले लोगों को यह सुविधा काफी रास आ रही है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, 5 से 11 नवंबर के बीच 155 बसों ने कुल 604 फेरे लगाए है. इन बसों से 25 हजार से अधिक यात्रियों ने अपने गंतव्य तक का सफर किया है, जिसमें सबसे अधिक यात्री मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया प्रमंडल की बसों में रहे. यह आंकड़ा आने और जाने, दोनों तरफ के यात्रियों का है. 7 दिनों के परिचालन में बसों की 84 प्रतिशत सीटें भरी रहीं.

आरामदायक सफर उपलब्ध कराना उद्देश्य: मंत्री

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, पटना और गयाजी प्रमंडलों से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल राज्यों के बीच विशेष बसों का का परिचालन के लिए हो रहा है. इस व्यवस्था से रोजाना हजारों यात्री अपने गंतव्य तक आराम से पहुंच रहे हैं. सफर में उन्हें असुविधा न हो, इसके लिए सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो पदाधिकारियों को साफ-सफाई, चालक-परिचालक की उपलब्धता और निर्धारित समय पर प्रस्थान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

मंत्री ने कहा कि त्योहारी बसों का परिचालन आगामी 20 नवंबर तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को किफायती एवं आरामदायक यात्रा मिल सके. बसों के टिकट पर यात्रियों को सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है. ऑनलाइन टिकट निगम की आधिकारिक वेबसाइट bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध है.

TagsBihar